चंपावत के बाराकोट में डामरीकरण की मांग को लेकर युवाओं का सड़क पर प्रदर्शन, चेताया—नहीं सुधरी सड़क तो करेंगे चुनाव बहिष्कार

चंपावत के बाराकोट में डामरीकरण की मांग को लेकर युवाओं का सड़क पर प्रदर्शन, चेताया—नहीं सुधरी सड़क तो करेंगे चुनाव बहिष्कार

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के बाराकोट ब्लॉक अंतर्गत क्वारखोली-पड़ासो सेरा सड़क की बदहाल हालत के खिलाफ गांव के युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पीएमजीएसवाई के तहत बनी इस सड़क में वर्षों से डामरीकरण नहीं हुआ है, जिससे पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।

प्रदर्शन का नेतृत्व युवा अधिवक्ता लोकमान सिंह अधिकारी (कृष्णा) और सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र पुनेठा ने किया। उन्होंने कहा कि आदर्श जिला चंपावत की परिकल्पना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सपना है, लेकिन पड़ासो सेरा जैसे दूरस्थ गांवों की जमीनी हकीकत इस सपने को मुंह चिढ़ा रही है।

लोकमान सिंह अधिकारी ने कहा, “गांव की यह सड़क जानलेवा बन चुकी है। वाहन चालकों और यात्रियों की जान हर दिन खतरे में है। शासन-प्रशासन और विभाग इस ओर आंखें मूंदे हुए हैं।”

युवाओं ने सड़क पर खड़े होकर डामरीकरण और सड़क को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और आगामी पंचायती चुनाव का बहिष्कार भी करेंगे।

विभागीय प्रतिक्रिया:

लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के अनुसार, यह सड़क 8 वर्ष पूर्व बनाई गई थी और डामरीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, लेकिन स्वीकृति अब तक नहीं मिल पाई है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री से की सीधी मांग:

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपील की कि वे क्वारखोली-पड़ासो सेरा सड़क का स्थलीय निरीक्षण करवाकर तत्काल डामरीकरण का आदेश दें। युवाओं ने स्पष्ट कहा कि यदि इस बदहाल सड़क पर कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी ज़िम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी