


रूद्रप्रयाग

केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब क्रिस्टल कंपनी के एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते बडासू के पास आपातकालीन (एमरजेंसी) लैंडिंग करनी पड़ी।



हेलीकॉप्टर ने बडासू हैलीपैड से उड़ान भरी थी और वह केदारनाथ की ओर जा रहा था।


हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान पायलट को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट को मजबूरी में हेलीकॉप्टर को सड़क किनारे आपात रूप से उतारना पड़ा। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

स्थानीय प्रशासन और एविएशन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह हेलीकॉप्टर संचालन के मानकों की अनदेखी को माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।


गौरतलब है कि चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाओं की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में हवाई सुरक्षा मानकों की कड़ाई से निगरानी की आवश्यकता लगातार उठती रही है।



