विश्व पर्यावरण दिवस पर इको पार्क में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान, जनभागीदारी से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर इको पार्क में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान, जनभागीदारी से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

टिहरी

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को इको परिस्थितिकी एवं पर्यटन विकास समिति के तत्वावधान में इको पार्क परिसर में विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में समिति के सदस्यों, वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्रकृति से जुड़ाव को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर पार्क परिसर की सफाई की गई और फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया।

“पर्यावरण की रक्षा, जीवन की सुरक्षा” — मनोज उनियाल

समिति के सचिव मनोज उनियाल ने इस मौके पर कहा,

“पर्यावरण की सुरक्षा केवल पेड़ों या वनों की रक्षा नहीं है, बल्कि यह सम्पूर्ण जैव विविधता और मानव जीवन की निरंतरता की गारंटी है। यदि हमें स्वस्थ और सुरक्षित जीवन चाहिए, तो हमें पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना ही होगा।”

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ एक दिन का संकल्प नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास और जनसहभागिता से ही इसे संभव बनाया जा सकता है।