


हरिद्वार

हरिद्वार शहर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक द्वारा पिस्टल के साथ इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट करना भारी पड़ गया।



वायरल हो रही इस रील का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक राहुल कक्कड़ को पिस्तौल सहित हिरासत में लिया।



जांच में चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि रील में प्रयुक्त पिस्तौल असली नहीं बल्कि एक खिलौना पिस्तौल थी।


पूछताछ के दौरान राहुल ने बताया कि उसने यह रील सिर्फ सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के मकसद से बनाई थी। पकड़े जाने पर राहुल ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी।

पुलिस ने इस मामले में राहुल का पुलिस एक्ट के तहत चालान किया और उसे सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया। साथ ही भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की हिदायत भी दी गई।


हरिद्वार पुलिस ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए इस प्रकार की भ्रामक और डराने वाली सामग्री पोस्ट न करें, क्योंकि इससे न सिर्फ कानून का उल्लंघन होता है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी जाता है।



