


रिपोर्ट : ललित जोशी
स्थान : नैनीताल

सरोवर नगरी नैनीताल के बहुचर्चित बलियानाला भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों व भाजपा नेताओं के साथ स्थल का दौरा किया।


सांसद अजय भट्ट ने बताया कि बलियानाला पुनर्विकास योजना का कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है और इसका लक्ष्य जनवरी 2027 तक कार्य पूर्ण करना है। उन्होंने निर्माण एजेंसी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।


298 करोड़ पहुंची लागत, 125 करोड़ मिल चुके
मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पहले इस परियोजना की अनुमानित लागत 176 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 298 करोड़ रुपये हो गई है। अब तक प्रदेश सरकार की ओर से 125 करोड़ रुपये की धनराशि परियोजना के लिए स्वीकृत की जा चुकी है।


सांसद भट्ट ने कहा कि बलियानाला क्षेत्र की भौगोलिक संवेदनशीलता को देखते हुए यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे नैनीताल की सुरक्षा और स्थायित्व पर सकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना में पारदर्शिता और गति दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।


स्थानीय लोगों को उम्मीद
बलियानाला क्षेत्र में हर साल बरसात के मौसम में भूस्खलन से भारी नुकसान होता रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से यहां के निवासियों को लंबे समय से मिल रही अस्थिरता और डर से राहत मिलने की उम्मीद है।



“जनवरी 2027 तक बलियानाला परियोजना को हर हाल में पूरा करना है, जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।” – अजय भट्ट, सांसद नैनीताल



