राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति पूरे प्रदेश में करेंगे भ्रमण, माटी कला बोर्ड की योजनाओं की देंगे जानकारी

राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति पूरे प्रदेश में करेंगे भ्रमण, माटी कला बोर्ड की योजनाओं की देंगे जानकारी

स्थान – रुड़की
रिपोर्टर – अंकित सोंन्धी

देहरादून, 22 मई 2025:
उत्तराखंड माटी कला बोर्ड के नवनियुक्त उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त नेता शोभाराम प्रजापति ने बुधवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि वे प्रदेशभर में भ्रमण कर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सौंपे गए दायित्व के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूर्ण समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे।

प्रजापति ने बताया कि माटी कला बोर्ड के अंतर्गत करीब 18 पारंपरिक लघु व्यवसाय आते हैं, जिनमें जूता निर्माण, मिट्टी के बर्तन बनाना, खिलौने, दीये और अन्य हस्तशिल्प कार्य शामिल हैं। राज्य सरकार इन कार्यों को बढ़ावा देने के लिए 15,000 रुपये की किट उपलब्ध करा रही है, साथ ही ब्याज रहित ऋण सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

संस्कृति और स्वावलंबन को मिलेगा बढ़ावा
शोभाराम प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें सख्त निर्देश दिए हैं कि वे धरातल पर रहकर पारंपरिक शिल्पकारों एवं कारीगरों के कार्य को समझें, उनकी समस्याओं का समाधान करें और भारतीय संस्कृति एवं स्वदेशी व्यवसायों को बढ़ावा देने का कार्य करें।

उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पारंपरिक उद्योगों को नई ऊर्जा मिल रही है, जिससे न केवल स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, बल्कि स्थानीय कारीगरों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो रहा है।

राज्य मंत्री ने यह भी कहा कि वे जल्द ही एक राज्यव्यापी दौरा कार्यक्रम घोषित करेंगे, जिसमें वे विभिन्न जिलों में जाकर कारीगरों से सीधा संवाद करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत की समीक्षा करेंगे।