


स्थान – देहरादून
रिपोर्टर – सचिन कुमार

125 किचन विहीन स्कूलों के लिए 1 करोड़ अनटाइड फंड से स्वीकृत, 695 किचनों की मरम्मत भी योजना में शामिल

देहरादून, 22 मई 2025:
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (PM Poshan) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पोषण, किचन की अवस्थिति और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा हुई।



मुख्य निर्णय और निर्देश:

- जिले के 125 किचन-विहीन विद्यालयों के लिए 1 करोड़ रुपये अनटाइड फंड से तुरंत स्वीकृत किए गए।
- 695 जर्जर किचनों की मरम्मत को जिला योजना में शामिल किया गया है।
- सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि एल्यूमिनियम बर्तनों का उपयोग तुरंत बंद कर, आयरन या स्टील के बर्तन अपनाएं। इसके लिए स्कूल ग्रांट या प्रोजेक्ट उत्कर्ष से बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
- राज्य में प्रथम बार 50 बड़े स्कूलों में एक अतिरिक्त स्थानीय महिला को भोजन माता की सहायक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा और खाना परोसने में आ रही समस्या का समाधान होगा।
- 14 विद्यालयों में पेयजल कनेक्शन की कमी पर जल जीवन मिशन से त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।


डीएम बंसल ने कहा:
“बच्चे समाज का सूद हैं, और उनके स्वास्थ्य व पोषण की जिम्मेदारी प्रशासन की है। मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषक तत्वों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।”
स्वास्थ्य जांच का विवरण:
आरबीएसके टीम द्वारा अप्रैल माह में 118 विद्यालयों के 9,971 छात्रों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें 379 छात्रों में खून की कमी, त्वचा, आंख, दांत एवं अन्य रोग पाए गए। सभी बच्चों का इलाज जारी है।



जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया:

- जिले के 1306 विद्यालय पीएम पोषण योजना से आच्छादित हैं।
- 70667 छात्र योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
- 2118 भोजन माताएँ कार्यरत हैं।
- 638 विद्यालयों में अक्षय पात्र संस्था के केंद्रीकृत किचन से मिड-डे मील सप्लाई हो रही है।

जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे ये प्रयास बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल के रूप में देखे जा रहे हैं।




