


स्थान – गदरपुर
रिपोर्टर – महेंद्र पाल सिंह

विधायक अरविंद पांडे के नेतृत्व में यात्रा, मनजीत सिंह बिट्टा ने मोदी सरकार की नीति को बताया निर्णायक

गदरपुर (उधम सिंह नगर), 22 मई:
गदरपुर में बुधवार को राज्य इंटर कॉलेज परिसर से लेकर बुध बाजार स्थित सनातन धर्म मंदिर तक एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के विधायक अरविंद पांडे के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएँ शामिल हुए।



तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और सेना के शौर्य व बलिदान को सम्मान देना था। यात्रा में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ जोश-खरोश से भाग लिया।


इस अवसर पर भाजपा नेता मनजीत सिंह बिट्टा ने कहा, “पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने निर्णायक कार्यवाही करते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। आज की यह तिरंगा यात्रा सेना के सम्मान और उनके बलिदान को समर्पित है।”


विधायक अरविंद पांडे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “भारतीय सेना ने अपने अद्वितीय साहस, पराक्रम और अनुशासन से न केवल देशवासियों का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि पाकिस्तान को भी करारा जवाब दिया है। तिरंगा यात्रा उन शहीदों को श्रद्धांजलि देने और सेना के सम्मान में आयोजित की गई है।”


उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी यात्राएँ युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करती हैं और उन्हें देशसेवा के लिए प्रेरित करती हैं।

यात्रा के समापन पर सनातन धर्म मंदिर परिसर में सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




