


स्थान : हल्द्वानी

भीम आर्मी द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के तहत मंगलवार को हल्द्वानी स्थित गोलछा कंपाउंड कार्यालय में एक विशेष सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व नफीस अहमद खान ने किया, जिसमें दर्जनों लोगों ने आज़ाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के कुमाऊं प्रभारी लेखराज गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जी.आर. टम्टा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिराज अहमद ने की और संचालन नफीस अहमद खान ने किया।


सभा को संबोधित करते हुए लेखराज गौतम ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने जो वोट की ताकत हमें दी है, उसका सही इस्तेमाल नहीं होने के कारण देश में नफरत और अन्याय का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि देश में दलितों, मुसलमानों और वंचित वर्गों पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। “जो लोग दशकों से अपने घरों में रह रहे हैं, उन्हें अतिक्रमणकारी बताकर बेघर किया जा रहा है। पटरी पर रोजगार करने वालों तक को नहीं बख्शा जा रहा,” गौतम ने कहा।



उन्होंने कहा कि समाज में नफरत फैलाने वाले तत्व अब सेकुलर सोच रखने वालों को भी देशद्रोही कहने लगे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि बहुजन समाज को वोट की ताकत का सही प्रयोग करते हुए सत्ता परिवर्तन की दिशा में एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि “चंद्रशेखर आज़ाद के हाथों को मज़बूत करने और बूथ स्तर पर कमेटियों के गठन की आवश्यकता है। आने वाला समय आज़ाद समाज पार्टी का होगा।”


नफीस अहमद खान ने कहा कि सभी अंबेडकरवादी संगठनों को एक मंच पर आकर चंद्रशेखर आज़ाद को सत्ता के शीर्ष पर पहुंचाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में आज़ाद समाज पार्टी की भूमिका निर्णायक होनी चाहिए।

सभा में फीरोज़ खान, उमर भाई, लक्ष्मी नारायण, जीवन आर्य, पी.आर. टम्टा, सुंदरलाल, आर.पी. गंगोला, कमाल, सुनीता प्रसाद, शीतल देवी, शकील अहमद, रईस मियांदाद समेत कई लोगों ने सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में विकास कुमार चौहान, नवीन मूलनिवासी, हरीश लोधी सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


यह सदस्यता अभियान न केवल संगठनात्मक विस्तार का संकेत है, बल्कि सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई में एकजुटता का भी प्रतीक बन रहा है।



