


स्थान : हरिद्वार

हरिद्वार जनपद में स्टंटबाजी करने वाले युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बहादराबाद थाना क्षेत्र के बड़ेढ़ी राजपूताना निवासी एक युवक शाहरुख के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। युवक द्वारा बाइक से स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था, जो वायरल होते ही पुलिस की निगाह में आ गया।


शाहरुख नामक युवक ने स्टंट के लिए बाइक को मोडिफाइड भी कर रखा था। जब यह वीडियो पुलिस के पास पहुंचा, तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को ट्रैक कर लिया। बहादराबाद थाना पुलिस ने युवक को पकड़कर उसकी स्टंट वाली बाइक को मौके पर ही सीज कर दिया।



पुलिस ने सिर्फ बाइक सीज करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि युवक को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को भी कहा। युवक से माफी मंगवाते हुए उसका एक वीडियो बनवाया गया, जिसमें वह अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा दोबारा न करने की बात कह रहा है। यह वीडियो भी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया ताकि अन्य युवा इससे सबक ले सकें।




पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ स्टंट करने वाले की जान के लिए खतरा है, बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस प्रकार की सख्ती से सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सकेगा।



