

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

जिलाधिकारी एम. नवनीत पांडे ने शनिवार को जिला अस्पताल चंपावत का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य जनपद की चिकित्सा व्यवस्था की गुणवत्ता, आपात स्थिति में अस्पताल की तैयारी तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की व्यापक समीक्षा करना था।


निरीक्षण के दौरान डीएम ने जनरल वार्ड, महिला वार्ड, आपातकालीन कक्ष, प्रसूति कक्ष सहित कई विभागों का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की भर्ती प्रक्रिया, स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यक्षमता, रिकॉर्ड संधारण की स्थिति तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता का गहन परीक्षण किया।


डीएम पांडे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में कार्यरत स्टाफ की संख्या, आपातकालीन सेवाओं के लिए तैनात किए जाने वाले स्टाफ की उपलब्धता तथा इनकी तैनाती के स्रोतों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने नर्सिंग कॉलेज के छात्रों को आपात परिस्थितियों में कार्य के लिए प्रशिक्षित किए जाने के निर्देश दिए।


डीएम ने ब्लड बैंक की व्यवस्था, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता, ऑक्सीजन बैकअप के लिए विद्युत आपूर्ति प्रणाली, वेंटिलेटर की स्थिति और स्ट्रेचर की उपलब्धता जैसी आपात सुविधाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, शौचालयों की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण एवं पेयजल की व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वास्थ्य सेवाओं की नींव होता है, और इसकी निरंतर निगरानी आवश्यक है।


निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडे सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि जनता को समय पर, सुरक्षित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


