


स्थान- सितारगंज

श्री रामलीला कमेटी में कथित अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन को लेकर आजीवन सदस्यों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को आयोजित एक बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और आजीवन सदस्य हरीश दुवे ने वर्तमान में कमेटी का संचालन कर रहे कुछ आजीवन सदस्यों पर पार्किंग ठेका देकर अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया।

हरीश दुवे ने बताया कि हाल ही में कुछ सदस्यों द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से निर्णय लेकर रामलीला प्रांगण को पार्किंग के लिए ठेके पर दिया गया, जिससे जनता से अवैध वसूली की जा रही है। इस कदम का न केवल कमेटी के अधिकांश आजीवन सदस्यों ने बल्कि स्थानीय जनता ने भी विरोध किया है।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि:

- कमेटी के नियमों का उल्लंघन करने वाले सदस्यों के विरुद्ध जिलाधिकारी से मिलकर FIR दर्ज कराने की मांग की जाएगी।
- श्री रामलीला कमेटी की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए, नियमों के खिलाफ कार्य करने वाले सदस्यों को सदस्यता से निष्कासित करने की मांग की जाएगी।
“श्री रामलीला कमेटी सामाजिक और सांस्कृतिक आस्थाओं का केंद्र है। किसी भी प्रकार की मनमानी या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी,” — हरीश दुवे, पूर्व पालिका अध्यक्ष
समिति के कई सदस्यों ने कहा कि यदि प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र कार्यवाही नहीं होती है, तो जन आंदोलन की रूपरेखा भी बनाई जाएगी।

