
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

एसपी हरबंस सिंह ने आधिकारिक रूप से हल्द्वानी के एसपी सिटी का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन कालनेमी’ को प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा। इसके तहत संबंधित पुलिस इकाइयों को सतर्कता और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।


एसपी सिटी ने थानों और चौकियों पर शिकायत लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की बात पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनी जाए और शिकायतों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


इस संबंध में थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। हरबंस सिंह ने कहा कि पुलिस का प्रयास रहेगा कि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और उसकी समस्या पर समयबद्ध कार्रवाई हो।


हल्द्वानी की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी विशेष योजना के तहत काम किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर थाना और चौकी पुलिस को भी ट्रैफिक व्यवस्था के सुचारू संचालन में लगाया जाएगा, ताकि जाम और अव्यवस्था की समस्या को कम किया जा सके।
अपराध नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि लंबित और अनवर्कआउट मामलों के शीघ्र खुलासे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।



हरबंस सिंह ने कहा कि पुलिस मुख्यालय, रेंज और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।
हरबंस सिंह वर्ष 2009 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह पौड़ी, देहरादून, पीटीसी नरेंद्रनगर, नैनीताल, चमोली, एसडीआरएफ, विजिलेंस, अल्मोड़ा सहित विभिन्न जनपदों और इकाइयों में सेवाएं दे चुके हैं। वह पूर्व में एसपी सिटी हल्द्वानी और एसपी क्राइम नैनीताल की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

