

स्थान: देहरादून
रिपोर्ट: सचिन कुमार

देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया के ऑडिटोरियम में आज ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर एक भव्य प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन स्वर्णिम देवभूमि फाउंडेशन द्वारा किया गया। इस सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व सहित विभिन्न वर्गों से आए प्रबुद्ध जनों ने भाग लिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने की, जिन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से आए विचारकों का स्वागत करते हुए इस विषय पर व्यापक जनचर्चा की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल भी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और आर्थिक संसाधनों की बचत के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्यों में हर वर्ष होने वाले चुनावों के कारण न केवल राजकोष पर दबाव पड़ता है, बल्कि विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होती है।


मुख्य वक्ता के रूप में सुनील बंसल ने कहा कि देश को बार-बार चुनावों की स्थिति से मुक्त कर एक समेकित चुनाव प्रणाली की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि आज 96 करोड़ से अधिक मतदाता लोकतंत्र में भागीदारी कर रहे हैं, जबकि पहले यह आंकड़ा 17 करोड़ से भी कम था। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर राजनीतिक स्वार्थ में चुनाव प्रणाली को तोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि एक साथ चुनाव होने से विकास कार्यों को गति मिलेगी और राजनीति में पारदर्शिता आएगी।

बंसल ने यह भी बताया कि बार-बार चुनावों से शेयर बाजार, योजनाओं की लागत और प्रशासनिक दक्षता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 300 दिन आचार संहिता के प्रभाव में रहते हैं, जिससे विकास अवरुद्ध होता है।


मुख्यमंत्री धामी ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने पहले ही “नई राह” दिखा दी है, और अब एक राष्ट्र, एक चुनाव के समर्थन में समाज के सभी वर्गों को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।


सम्मेलन में पद्मश्री अनिल जोशी, कन्हैया लाल पोखरियाल, बसंती देवी, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, और कई अन्य गणमान्य लोगों ने भी विचार रखे और इस अभियान को देशहित में एक निर्णायक कदम बताया


