टनकपुर के खेतखेड़ा गांव में राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, 13 लोगों को नोटिस जारी

टनकपुर के खेतखेड़ा गांव में राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, 13 लोगों को नोटिस जारी

स्थान: टनकपुर ( चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देश पर शुक्रवार को चंपावत जिले के टनकपुर क्षेत्र के ग्राम खेतखेड़ा में राजस्व विभाग ने स्थानीय पुलिस बल की उपस्थिति में राजकीय भूमि का सर्वेक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कदम शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अतिक्रमण नियंत्रण अभियान के तहत उठाया गया।

सर्वेक्षण के दौरान लगभग 0.7 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए अस्थाई अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटवाया, जिससे भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जा सका।

कार्रवाई के दौरान 13 स्थायी अतिक्रमणकर्ताओं की पहचान भी की गई। उन्हें नोटिस जारी कर राजस्व भूमि को शीघ्र खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, संबंधित भूमि स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को भी कहा गया है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया को सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशासन ने दोटूक कहा है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई नियमित और सख्ती से जारी रखी जाएगी ताकि राजकीय भूमि की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

इस कार्रवाई में उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी, तहसीलदार टनकपुर जगदीश गिरी, क्षेत्रीय वन दरोगा, पटवारी, तथा पुलिस बल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे