ओवरलोडिंग डंपरों के खिलाफ विधायक तिलक राज बेहड़ का बिगुल, 3 मई को रुद्रपुर में विशाल धरना प्रदर्शन

ओवरलोडिंग डंपरों के खिलाफ विधायक तिलक राज बेहड़ का बिगुल, 3 मई को रुद्रपुर में विशाल धरना प्रदर्शन

रिपोर्ट – राजू सहगल
लोकेशन- किच्छा

किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने ओवरलोडिंग वाहनों और अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 3 मई को जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एसएसपी कार्यालय के बाहर विशाल धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है। बेहड़ ने कहा कि ओवरलोड डंपर अब सड़कों पर यमराज बनकर दौड़ रहे हैं, जिससे लगातार जानलेवा सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं।

किच्छा स्थित अपने कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस विधायक बेहड़ ने ओवरलोड डंपरों को “चलता-फिरता यमराज” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 से 22 टायर वाले डंपर बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं, जो न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि जनता की जान के लिए खतरा भी बन चुका है।

बेहड़ ने कहा, “हर दिन हो रही दुर्घटनाओं में निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन प्रशासन निजी स्वार्थों में उलझा हुआ है और कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।” उन्होंने सोशल मीडिया पर ओवरलोड वाहनों के वीडियो भी जारी किए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

धरने को लेकर उन्होंने आम जनता से भी बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है, ताकि ओवरलोडिंग और अवैध खनन के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा किया जा सके। बेहड़ ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।