


हल्द्वानी

हल्द्वानी नगर के बनभूलपुरा क्षेत्र में 30 अप्रैल की रात लगभग 9:00 से 9:15 बजे के बीच कुछ अराजक तत्वों द्वारा क्षेत्र में जानबूझकर नगर निगम की स्ट्रीट लाइटें बंद कर दी गईं। इस हरकत से पूरे इलाके में अंधकार फैल गया, जिससे राहगीरों, महिलाओं, बुज़ुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही दुर्घटना की संभावनाएं भी बढ़ गईं।



नगर निगम का कहना है कि यह कृत्य न केवल सार्वजनिक असुविधा पैदा करने वाला है, बल्कि राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी प्रतीत होता है। इससे पहले भी, 8 फरवरी 2024 को बनभूलपुरा क्षेत्र में अराजक तत्वों द्वारा सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुँचाया गया था और थाना बनभूलपुरा को आग के हवाले करने की कोशिश की गई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे।


इस बार भी ऐसी ही स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया। नगर निगम द्वारा बनभूलपुरा चौकी में एक तहरीर दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वार्ड संख्या 14, 25 और लाइन नंबर 17 से जुड़े कुछ ज्ञात और अज्ञात व्यक्तियों द्वारा यह कृत्य अंजाम दिया गया।


नगर निगम ने मांग की है कि इन व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और नगर की शांति व्यवस्था बनी रहे।


