


रिपोर्टर रिहान ख़ान
हल्द्वानी

हल्द्वानी (13 अप्रैल)।
उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के तहत चल रही इस मुहिम के तहत बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के संचालित हो रहे मदरसों पर शिकंजा कसा जा रहा है।



प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा क्षेत्र में अब तक तीन मदरसों को सीज किया जा चुका है, जबकि कुल 18 मदरसों की जांच की जा रही है। जिन संस्थानों के पास सभी मानक और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होंगे, उन्हें ही संचालन की अनुमति दी जाएगी। शेष को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।


कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की भारी तैनाती रही और क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनज़र आवाजाही पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि कोई अवैध गतिविधि प्रशासन की निगरानी से बाहर न रह सके।


यह कदम केवल बनभूलपुरा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेशभर में अवैध मदरसों की जांच और कार्रवाई को लेकर प्रशासन सक्रिय हो चुका है। सरकार का कहना है कि शिक्षा संस्थान सिर्फ नाम मात्र के नहीं, बल्कि कानूनी और शैक्षिक मानकों के अनुरूप होने चाहिए।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “शिक्षा समाज की रीढ़ होती है, और जब इसके नाम पर अनियमितताएं की जाती हैं, तो यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता है। सरकार इस दिशा में कोई समझौता नहीं करेगी।”

इस सख्त कार्रवाई से यह संदेश साफ हो गया है कि प्रदेश सरकार अब शिक्षा संस्थानों की पारदर्शिता और वैधता को लेकर कठोर रवैया अपनाने जा रही है।



