

हरिद्वार

हरिद्वार, 13 अप्रैल।
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर इलाके में रविवार को एक प्लास्टिक के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग रिहायशी इलाके के बीच स्थित गोदाम में लगी, और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक नजर आया।



सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस भी तुरंत हरकत में आई और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


प्राथमिक जांच के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, सलेमपुर इलाके में बड़ी संख्या में स्क्रैप और प्लास्टिक के गोदाम अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। समय-समय पर इन गोदामों में आग लगने की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

इस हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में चल रहे अवैध गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



