‘देवा’ नहीं कर सकी अच्छी शुरुआत, इस साल हिंदी की पहली 100 करोड़ी फिल्म बनी ‘स्काई फोर्स’

 ‘देवा’ नहीं कर सकी अच्छी शुरुआत, इस साल हिंदी की पहली 100 करोड़ी फिल्म बनी ‘स्काई फोर्स’

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म देवा की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। वहीं, शुक्रवा को स्काई फोर्स 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने में सफल रही।

फरवरी का महीने शुरू होने से एक दिन पहले सिनेमाघरों में शाहिद कपूर की फिल्म देवा ने दस्तक दे दी। फिल्म में शाहिद ने गुस्सैल पुलिस अफसर का किरदार निभाया है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। इसके अलावा सिनेमाघरों में स्काई फोर्स, डाकू महाराज, इमरजेंसी  और गेम चेंजर भी प्रदर्शित हो रही हैं। आइए जानते हैं इन फिल्मों ने शुक्रवार को कितनी कमाई की। 

देवा

शाहिद कपूर की फिल्म देवा से फैंस के साथ इसके निर्माताओं को काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, यह फिल्म पहले दिन दर्शकों पर अपना जादू चलाने में पूरी तरह विफल रही। शुक्रवार को इस फिल्म ने महज पांच करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। यह कलेक्शन शाहिद कपूर की फ्लॉप फिल्म रंगून के पहले दिन की कमाई से भी कम है। 

स्काई फोर्स

अक्षय कुमार की ‘स्काई फोर्स’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म में वीर पहाड़िया ने भी मुख्य भूमिका निभाई है। भारत की तरफ से पाकिस्तान पर की गई पहली एयर स्ट्राइक पर आधारित फिल्म ने शुक्रवार को चार करोड़ 60 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 104.3 करोड़ रुपये हो गया है। यह अक्षय कुमार की 17वीं फिल्म है जो 100 करोड़ी क्लब में शामिल हुई है।