


देहरादून

देहरादून की नेहरू नगर पुलिस ने खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को हिरासत में लिया है। बता दें कि रुड़की में खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर हुई फायरिंग और झड़प के बाद खानपुर के पूर्व विधायक चैंपियन को देहरादून पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोभाल पूरे मामले में अपनी नजर बनाए हुए हैं, साथ ही दोनों पार्टियों के समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील की है।


शनिवार को पूर्व विधायक कुंवर प्रवण सिंह चैंपियन और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। रविवार को चैंपियन और उनके समर्थक बड़ी संख्या में उमेश कुमार के कार्यालय पर पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ करते हुए समर्थकों से मारपीट की । वायरल वीडियो में इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई है। कुछ देर बाद विधायक उमेश कुमार भी वहां पहुंच गए। एक अन्य वीडियो में वह भी पिस्टल लेकर भागे और हंगामा करते नज़र आये । सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी ली। वहीं, देर शाम देहरादून में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने पूर्व विधायक कुंवर प्रवण सिंह चैंपियन को मामले में हिरासत में ले लिया। एसओ नेहरू कालोनी थाना मोहन सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक को हिरासत में लिया गया है।


पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उमेश कुमार के बीच शनिवार को अपशब्द कहने को लेकर विवाद हो गया था। इस मामले में देर रात उमेश कुमार अपने समर्थकों के साथ चैंपियन के कैंप कार्यालय और लंढौरा महल के बाहर पहुंचे थे और जमकर हंगामा हो गया था। उमेश कुमार ने चैंपियन को सोशल मीडिया के जरिए सामने आने के लिए ललकारा था। माना जा रहा था कि दोनों के बीच विवाद बड़ा रूप लेगा। इस दौरान उमेश कुमार के तीन समर्थक भी घायल हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सीओ रुड़की नरेंद्र पंत और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।



