

रिपोर्ट – राजू सहगल।
स्थान – किच्छा।

विधानसभा के तमाम क्षेत्रों में जलभराव की शिकायत के बाद विधायक प्रतिनिधि गौरव बेहड़ ने तमाम क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। विधायक प्रतिनिधि बेहड़ नगर के वार्ड नंबर 1, नालंदा स्कूल, शांतिपुरी खामियां नंबर 2, जवाहर नगर, गोला नदी, बनखंडी कॉलोनी आदि क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और स्थानीय लोगों से वार्ता कर जलभराव के कारण हो रही समस्या की जानकारी हासिल की। बेहड़ ने बनखंडी कॉलोनी, नालंदा स्कूल के निकट पहुंचकर जलभराव एवं क्षतिग्रस्त सड़क का मौका मुआयना किया। स्थानीय लोगों ने बताया


कि जलभराव के कारण स्कूली बच्चों एवं स्थानीय लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा गंदगी का अंबार लगा होने के कारण भयंकर बीमारी फैलने की आशंका पैदा हो गई है। इस दौरान उन्होंने गोला नदी से हो रहे कटान का जायजा लेते हुए उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा से दूरभाष पर वार्ता की। विधायक प्रतिनिधि बेहड़ की सूचना पर तहसीलदार गिरीश चंद त्रिपाठी एवं लोक निर्माण विभाग एई प्रकाश लाल मौके पर पहुंचे और जलभराव की समस्या का जल्द निस्तारण करने का भरोसा दिलाया। मौका मुआयना करने एवं स्थानीय लोगों से वार्ता के बाद अधिकारियों ने बताया कि बनखंडी कॉलोनी में जलभराव से निजात के लिए जल्द ही नाले का निर्माण कराया जाएगा। मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनीता कश्यप, ओमप्रकाश दुआ, वार्ड सभासद दानिश मलिक सोनू, धर्मेंद्र सिंधी, डिंपल सिंह आदि मौजूद रहे।



