
स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा अल्मोड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत भी किया।

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सम्मेलन भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा है। उन्होंने इसे देश के लिए गौरव का विषय बताया।


अजय टम्टा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। उन्होंने ब्रिक्स सम्मेलन के संदर्भ में केंद्र सरकार की नीतियों और भारत की वैश्विक भूमिका का भी उल्लेख किया।


उत्तराखंड में सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है।


उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों की सुरक्षा और भूस्खलन के खतरे को कम करने के लिए स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए करीब ढाई हजार करोड़ रुपये का बजट दिया जा रहा है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि इस वर्ष बरसात के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित क्षेत्रों और सड़क मार्गों पर हुए नुकसान की समीक्षा की जा रही है।




उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों और एजेंसियों के माध्यम से क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने तथा यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हल्द्वानी में ट्रांसपोर्ट से जुड़ी समस्या पर अजय टम्टा ने कहा कि लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

