
रिपोर्ट – राजू सहगल
स्थान – किच्छा
उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में महिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सिमरनजीत कौर एवं प्रदेश महासचिव सुनीता कश्यप के नेतृत्व में तमाम महिलाओं ने बर्तन बजाते हुए गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने पुरानी गल्ला मंडी से एमपी चौक तक जुलूस निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।

महिलाओं ने कहा कि अच्छे दिन का सपना दिखाने वाली भाजपा सरकार झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह कर रही है, बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो रहा है और भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण दिन पर दिन महंगाई बढ़ती जा रही है। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा अपने चहेतों का हजारों करोड़ का ऋण माफ करके आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है।

कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर अच्छे दिन कब आएंगे ?। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किच्छा के एमपी चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं बढ़ती महंगाई के कारण 2024 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।

