
स्थान : दिनेशपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

थाना क्षेत्र के चित्तरंजनपुर नंबर दो गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका की पहचान गीता विश्वास पत्नी स्वर्गीय परिमल विश्वास के रूप में हुई है। घटना की जानकारी डायल-112 पर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।


परिजनों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे घर में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके कुछ देर बाद बुजुर्ग महिला घर के बाहर गिर गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई।


परिजन महिला को तत्काल नेतानगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

वहीं मृतका के भतीजे ने महिला के पोते पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि मारपीट के बाद ही महिला की हालत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि इन आरोपों की अभी पुलिस जांच की जा रही है।




पुलिस की ओर से फिलहाल महिला की मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। बुजुर्ग महिला की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

