
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने थाना झनकईया का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का विस्तार से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय, परिसर, पुलिस बैरिक, शस्त्रागार, मालगृह और सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने और पुलिस कार्यों से संबंधित रिकॉर्ड का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इस दौरान पुलिसकर्मियों से शस्त्र खोलने-जोड़ने और उनकी सुरक्षित हैंडलिंग का अभ्यास भी कराया गया। क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों को शस्त्रों के रखरखाव और प्रयोग से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं।


निरीक्षण के दौरान विवेचकों को क्राइम किट में उपलब्ध उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही घटनास्थल से अंगुलियों के निशान लेने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।

क्षेत्राधिकारी ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों का सम्मेलन भी लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से उनकी समस्याओं, ड्यूटी और कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



मालखाने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीओ नीरज सेमवाल ने मालखाना मोहर्रिर को सभी माल का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माल से संबंधित विवरणों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सीसीटीएनएस कर्मियों और मालखाना मोहर्रिर को सभी माल की सिक्योर मालखाना मॉड्यूल पर शत-प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड को समय-समय पर अपडेट करने पर भी जोर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की और सभी विवेचकों को मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन बनाए रखते हुए जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

