
ख़बरों और विज्ञापन के लिए संपर्क करें – 9634912113, 8057536955 न्यूज़ पोर्टल उत्तराखंड के यूट्यूब चैनल में सभी विधान सभा स्तर पर संवाददाता\विज्ञापन संवाददाता, ब्यूरो चीफ की आवश्यकता है, संपर्क करें – 9634912113, 8057536955



रिपोर्टर -पंकज सक्सेना

स्थान -रुद्रप्रयाग

आगामी छह मई से शुरू हो रही केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन की ओर से यात्रा में होटल, लाॅज सहित टैक्सी यूनियनों से भी सहयोग मांगा जा रहा है और जगह-जगह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। गुप्तकाशी में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने एनएच विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। व्यापारियों ने कहा कि आॅल वेदर का कार्य कर रही कंपनी ने सीतापुर में पेयजल लाइन को ध्वस्त किया है, जिसे दुरूस्त करने में अब कंपनी आनाकानी कर रही है। कंपनी ने व्यापारियों के साथ जो वायदे किये उन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है। ऐसे में व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है।


बता दें कि विश्व विख्यात केदारनाथ धाम की यात्रा छह मई से आम श्रद्धालुओं के लिये शुरू हो रही है। उत्तराखण्ड के चारों धामों में सबसे कठिन यात्रा केदारनाथ धाम की है और प्रत्येक वर्ष यहां लाखों यात्री पहुंचते हैं। प्रशासन का भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास रहता है। यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं के साथ ही यात्रा के सुव्यवस्थित संचालन के लिये इन दिनों रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मनुज गोयल एवं पुलिस अधीक्षक आयुष अग्र्रवाल की ओर से केदारनाथ यात्रा पड़ाव पर स्थानीय व्यापार संघ, होटल एसोसिएशन एवं टैक्सी यूनियनों के साथ बैठकें की जा रही हैं। यात्रा के सफल संचालन के लिये केदारनाथ यात्रा के अहम पड़ाव गुप्तकाशी में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से सभी से यात्रा के दौरान सहयोग की अपेक्षा की गई। डीएम ने यात्रा के सफल संचालन के लिये व्यापारियों से सुझाव भी मांगे। उन्होंने यात्राकाल के दौरान व्यापारियों की संभावित समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। साथ ही उम्मीद जताई कि व्यापार मंडल भी यात्रा में जिला प्रशासन को सहयोग देते हुए महत्वपूर्ण भूमिका प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यहां आने वाला हर यात्री बेहतर अनुभव के साथ लौटे, ऐसा हम सभी का ध्येय होना चाहिए। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटरमीडिएट काॅलेज गुप्तकाशी में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि होटल एसोसिएशन व व्यापारियों का जिला प्रशासन से परस्पर समन्वय होना आवश्यक है।

डीएम ने केदारनाथ में बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की संभावना जताई तथा पर्यटकों व तीर्थ यात्रियों से व्यवहारिक संवाद व आचरण सहित उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने, ओवर रेटिंग व एक्सपायरी डेट वाली सामग्री की बिक्री न करने आदि कई पहलुओं में होटल व व्यापार एसोसिएशन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मुख्य बाजारों, नगरीय व आबादी वाले क्षेत्रों में वाहन पार्क की अनुमति नहीं मिलेगी, इससे अनावश्यक लगने वाले जाम में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी की निजी भूमि पार्किंग के लिए उपयोग में लाने योग्य है तो संबंधित व्यक्ति जिला प्रशासन से अनुमति लेते हुए अपनी आजीविका हेतु इसे उपयोग में ला सकता है। केदारनाथ धाम के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में यात्रियों के पंजीयन में होने वाली भीड़ को लेकर जिलाधिकारी ने होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे यहां पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों को व्हट्स एप आदि के माध्यम से पूर्व में ही रजिस्ट्रेशन करने का सुझाव दे सकते हैं। इससे बड़ी तादाद में लगने वाली भीड़ से राहत मिलेगी तथा यात्री को भी सुविधा होगी। उन्होंने यात्रा के दृष्टिगत एसोसिएशन की मांग पर यात्रा मार्ग में समुचित पेयजल, विद्युत, शौचालय, नेटवर्क कनैक्टिविटी, कूड़ा निस्तारण आदि को लेकर संबंधित अधिकारियों को यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।



