बीरोंखाल में श्रमिकों के लिए लगा शिविर, सतपाल महाराज ने सुनीं समस्याएं

बीरोंखाल में श्रमिकों के लिए लगा शिविर, सतपाल महाराज ने सुनीं समस्याएं

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए श्रम विभाग की ओर से मंगलवार को बीरोंखाल ब्लॉक सभागार में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिक पहुंचे और पंजीकरण, नवीनीकरण तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।

शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने श्रमिकों और क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों को धरातल पर उतारने में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

महाराज ने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण और श्रम कार्ड के नवीनीकरण के लिए दूर-दराज के कार्यालयों में न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे श्रमिकों को अपने क्षेत्र में ही विभागीय सुविधाएं और जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया सरल भाषा में समझाई जाए। साथ ही विवाह अनुदान, शिक्षा सहायता, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना सहायता समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से दिया जाए।

सतपाल महाराज ने श्रमिकों से विभाग की ओर से लगाए जा रहे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। इस दौरान उन्होंने लघु सिंचाई विभाग की जिला योजना के तहत चार लाख रुपये की लागत से बडियान स्थित मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का शिलान्यास भी किया।

कार्यक्रम में एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ सुदर्शन बुटोला, समाज कल्याण बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिंगोड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।