खटीमा पहुंचे सीएम धामी, जनता की समस्याएं सुनीं; अखिलेश यादव पर साधा निशाना

खटीमा पहुंचे सीएम धामी, जनता की समस्याएं सुनीं; अखिलेश यादव पर साधा निशाना

स्थान : खटीमा /ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जनसमस्याओं के समाधान के साथ ही प्रदेश के स्वाभिमान से जुड़े राजनीतिक मुद्दे भी चर्चा में रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिलनी चाहिए।

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना है।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव के कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे उत्तराखंड के स्वाभिमान और यहां के लोगों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि और वीरभूमि है। यहां के लोगों ने देश की रक्षा से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड की जनता के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम धामी ने इस मुद्दे पर रामपुर तिराहा कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने अखिलेश यादव से इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही कांग्रेस पार्टी से भी अपना रुख स्पष्ट करने को कहा, ताकि प्रदेश की जनता के सामने उसकी स्थिति साफ हो सके।

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और स्थानीय लोगों की जरूरतों को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और जनता को उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री के खटीमा दौरे के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे में एक ओर जहां जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों पर जोर रहा, वहीं अखिलेश यादव के बयान को लेकर उनका राजनीतिक विरोध भी प्रमुखता से सामने आया।