
स्थान : जसपुर
रिपोर्टर – अज़ीम खान


उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद जसपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कुमाऊं के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले जसपुर विधानसभा क्षेत्र में उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।


धर्मपुर चौक पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने तीरथ सिंह रावत को फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद धर्मपुर चौक से जसपुर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए रोड शो निकाला गया।



स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, आपदा प्रबंधन परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री विनय कुमार रुहेला, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जिला चेयरमैन एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खड़क सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।



इस दौरान डॉ. एमपी सिंह चौहान, विशेष आमंत्रित प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, जसपुर नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार चौहान और भाजपा के पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी रहे अशोक खन्ना सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने समर्थकों के साथ तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया।


रोड शो के बाद तीरथ सिंह रावत जसपुर नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हल्द्वानी में भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी आगामी चुनावों की रणनीति और संगठन की मजबूती पर मंथन कर रही है।




रावत ने कहा कि भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ‘मिशन 2027’ की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर उत्तराखंड में सरकार बनाएगी और प्रदेश में पार्टी का परचम लहराएगा।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

