

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में आयोजित 16वें यूनिवर्सल कप अंतरविद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, उत्साह और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल 24 मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों में खासा उत्साह बनाए रखा।

बालक वर्ग के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दून पतलिया ने यूसी हल्द्वानी को सीधे दो सेटों में 23-21 और 23-15 से पराजित किया। वहीं, दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एसेंट पब्लिक स्कूल ने शाइनिंग स्टार को 21-18 और 21-19 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।




बालक वर्ग के तीसरे क्वार्टर फाइनल में यूनिवर्सल हल्द्वानी ने दून नवाबी रोड को 21-17 और 21-16 से पराजित किया। वहीं, बीएलएम एकेडमी और व्हाइटहॉल के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में बीएलएम ने 21-14 और 27-26 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।


बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी ने यूसी हल्द्वानी को 21-11 और 21-11 से पराजित किया। वहीं, सरस्वती एकेडमी ने डीपीएस हल्द्वानी को 21-14 और 21-4 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।


बालिका वर्ग में सेंट थेरेसा और सेंट लॉरेंस के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। तीन सेटों तक चले इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में सेंट थेरेसा ने 13-21, 21-12 और 16-14 से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बालक वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी ने एसेंट पब्लिक स्कूल को 25-12 और 25-22 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में बीएलएम एकेडमी ने दून पतलिया को 21-15 और 24-22 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।




बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सरस्वती एकेडमी ने केंद्रीय विद्यालय हल्द्वानी को 25-23 और 25-22 से पराजित किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सेंट थेरेसा को 25-21 और 25-11 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और खेल भावना का विकास करना है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार जोशी, प्रधानाचार्या मंजू जोशी, उप-प्राचार्य पी.डी. पलड़िया, समन्वयक कंचन पंत सहित मैच रेफरी, टीम कोच एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन के रोमांचक मुकाबलों के बाद अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाले खिताबी मुकाबलों पर टिकी हैं। बालक वर्ग में यूनिवर्सल कॉन्वेंट और बीएलएम एकेडमी के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जबकि बालिका वर्ग में यूनिवर्सल कॉन्वेंट और सरस्वती एकेडमी की टीमें खिताब जीतने के लिए आमने-सामने होंगी।

