एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को दी भावभीनी विदाई

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को दी भावभीनी विदाई

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल पुलिस की ओर से हल्द्वानी में आयोजित विदाई समारोह में 31वीं वाहिनी पीएसी में स्थानांतरित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक पद पर स्थानांतरित एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल और योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की दृढ़ निर्णय क्षमता, प्रभावी पुलिस प्रबंधन, कुशल नेतृत्व और मानवीय संवेदनाओं की जमकर सराहना की गई। वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र के सरल स्वभाव, प्रभावी पुलिसिंग और बेहतर यातायात प्रबंधन की भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशंसा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने नैनीताल जिले में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पुलिस परिवार की एकजुटता और कठिन परिस्थितियों में टीम भावना के साथ कार्य करने के महत्व पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के लिए सबसे कठिन क्षण कानून-व्यवस्था अथवा किसी गंभीर अपराध की चुनौती नहीं, बल्कि अपने पुलिस बल के किसी सदस्य को खोने का संकट होता है। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए कांस्टेबल पुष्कर रौतेला के उपचार और तीन दिनों तक आईसीयू में चले संघर्ष का भावुकता के साथ उल्लेख किया।

डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि घायल कांस्टेबल के उपचार के दौरान पुलिस लाइन और हल्द्वानी क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारियों सहित पुलिस कर्मियों ने रक्तदान एवं अन्य माध्यमों से दिन-रात सहयोग किया। पुलिस परिवार के सामूहिक प्रयासों और कांस्टेबल की मजबूत इच्छाशक्ति के चलते आज वह स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले में एसएसपी के रूप में मिली जिम्मेदारियों का सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर निर्वहन किया। आपसी सहयोग और टीम भावना के चलते प्रत्येक दायित्व को पूरा किया गया। उन्होंने जीवन में बहते पानी की तरह निरंतर आगे बढ़ने और अलग-अलग जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने को सफलता का आधार बताया।

वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभिन्न अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों से मिली सीख का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने दायित्वों का निर्वहन करती है, लेकिन सौहार्दपूर्ण व्यवहार, उचित संवाद और स्पष्ट दिशा-निर्देशों के साथ किए गए कार्यों के परिणाम अधिक बेहतर होते हैं।

डॉ. जगदीश चंद्र ने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि बड़े आयोजनों, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील ड्यूटियों के दौरान उन्होंने कभी अधीनस्थ अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया। स्पष्ट दिशा-निर्देशों के साथ कार्य करने की स्वतंत्रता और विश्वास दिए जाने से पुलिस टीम का मनोबल एवं कार्यक्षमता बेहतर रही।

समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विभिन्न पुलिस शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।