
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, आबकारी और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। सरकार के इन फैसलों का प्रदेश के विभिन्न वर्गों पर व्यापक असर पड़ने की उम्मीद है।
कैबिनेट बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों को अब दो वर्ष तक अनिवार्य रूप से सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए सरकार की ओर से बॉन्ड की व्यवस्था लागू की जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाना और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।





प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि को लेकर भी मंत्रिमंडल ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कैबिनेट ने मानदेय बढ़ाने के संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया है। वहीं, उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली का विस्तार करते हुए सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के तहत बी फार्मा को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले डी फार्मा ही अनुमन्य था। इसके साथ ही चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिली है।


सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस निर्णय से वन आरक्षी बनने की तैयारी कर रहे अधिक अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी दी गई है। आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल ने मुहर लगाई है।



कैबिनेट ने भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में 25 प्रतिशत की कटौती करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के संचालन के लिए रूट भी निर्धारित किए गए हैं।

प्रदेश की चीनी मिलों को लेकर भी मंत्रिमंडल ने अहम फैसला लिया है। पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों को सरकारी बैंक से गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा उत्तराखंड विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है।
धामी कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं, युवाओं के रोजगार अवसरों, सामाजिक सुरक्षा और शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की निगाहें अब मानदेय वृद्धि को लेकर मुख्यमंत्री के अंतिम निर्णय पर टिकी रहेंगी।

