
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

नंदानगर पुलिस ने दो माह से अधिक समय से लापता 13 वर्षीय नाबालिग बालक को ऋषिकेश से सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। लंबे समय से अपने बच्चे की तलाश कर रहे परिजनों के चेहरे पर पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर खुशियां लौट आई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नंदानगर निवासी एक व्यक्ति ने 11 सितंबर 2026 को थाना नंदानगर में तहरीर देकर बताया था कि उनका 13 वर्षीय पुत्र सात सितंबर की रात करीब 7:45 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था।





परिजनों ने अपने स्तर से बालक की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद परेशान परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर बच्चे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी।

मामले की गंभीरता और नाबालिग की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना नंदानगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 24/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में अभियोग पंजीकृत कर तलाश शुरू की।


पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देशानुसार नाबालिग की सकुशल बरामदगी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए बालक का पता लगाने के प्रयास जारी रखे।
पुलिस टीम के अथक प्रयासों के बाद आखिरकार 26 नवंबर 2026 को लापता बालक को देहरादून जनपद के ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर लिया गया। बालक की बरामदगी की सूचना मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।



बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए नाबालिग को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके उपरांत बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

दो माह से अधिक समय के बाद अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजन भावुक हो उठे। परिवार के सदस्यों ने नंदानगर पुलिस की मेहनत और लगातार किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए चमोली पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
बालक की सकुशल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज भट्ट, हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह और कांस्टेबल शोभन सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की निरंतर मेहनत और सक्रियता से एक परिवार की खुशियां फिर से लौट आई हैं।

