बेटी के संघर्ष से वतन लौटे इंद्रमणि नौटियाल, गाजणा क्षेत्र में खुशी की लहर

बेटी के संघर्ष से वतन लौटे इंद्रमणि नौटियाल, गाजणा क्षेत्र में खुशी की लहर

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल लंबे समय बाद सऊदी अरब से सकुशल स्वदेश लौट आए हैं। शुक्रवार सुबह वह नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उनके भारत लौटने की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह रियाद स्थित एक निजी कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्य कर रहे थे। परिवार के बेहतर भविष्य का सपना लेकर विदेश गए इंद्रमणि एक सड़क दुर्घटना के बाद कानूनी मुश्किलों में फंस गए।

वर्ष 2019 में ट्रक चलाते समय उनके वाहन की एक कार से भीषण टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना के बाद इंद्रमणि सऊदी अरब की कानूनी प्रक्रिया में फंस गए और उन्हें जेल की सजा भुगतनी पड़ी। इसके चलते उनकी स्वदेश वापसी का इंतजार वर्षों लंबा हो गया।

इंद्रमणि की रिहाई के लिए उनकी बेटी ने लगातार संघर्ष किया। तमाम कठिनाइयों के बावजूद बेटी ने हिम्मत नहीं हारी और पिता को सकुशल भारत वापस लाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखे।

कानूनी प्रक्रिया, जुर्माने और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए 2 करोड़ 51 लाख रुपये की धनराशि जुटाई गई। बेटी के अथक प्रयासों, परिवार के धैर्य और लोगों के सहयोग से आखिरकार इंद्रमणि की रिहाई का रास्ता साफ हो गया।

इंद्रमणि के स्वदेश लौटने की सूचना मिलते ही गोरसाड़ा गांव सहित पूरे गाजणा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों में उनकी सकुशल वापसी को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।

परिजनों का कहना है कि बीते कई वर्ष उनके लिए किसी कठिन तपस्या से कम नहीं रहे। परिवार का प्रत्येक सदस्य उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा था। लंबे इंतजार के बाद अब परिवार की उम्मीद पूरी हुई है।

दिल्ली हवाई अड्डे पर इंद्रमणि के पहुंचने के बाद परिवार के सदस्य उन्हें लेने के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, गोरसाड़ा गांव में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ग्रामीण भी उनके गांव पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

इंद्रमणि नौटियाल की स्वदेश वापसी एक बेटी के साहस, अटूट संकल्प और परिवार के विश्वास की मिसाल बन गई है। विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानने वाली बेटी के संघर्ष ने आखिरकार पिता को उनके परिवार से मिलाने का रास्ता खोल दिया।