रामनगर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पांच महिलाओं समेत आठ आरोपी गिरफ्तार

रामनगर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पांच महिलाओं समेत आठ आरोपी गिरफ्तार

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत रामनगर कोतवाली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, स्मैक, नशीले इंजेक्शन और गोलियों के साथ तीन लाख 54 हजार 200 रुपये की नकदी बरामद की गई है।

कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रामनगर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में कथित रूप से संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

अभियान के दौरान पुलिस ने मोहल्ला गूलरघट्टी निवासी कामेश त्यागी के कब्जे से चार किलो अवैध गांजा बरामद किया। वहीं, रेलवे पड़ाव निवासी सागर के कब्जे से चार नशीले इंजेक्शन और सिरिंज बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने नागा बाबा मंदिर रोड निवासी इमरान के खिलाफ भी कार्रवाई की है। उसके कब्जे से नशीले इंजेक्शन की शीशी और 22 नशीली गोलियां बरामद होने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने ग्राम थारी निवासी पैसों कौर के कब्जे से दो किलो अवैध गांजा बरामद किया। इसके अलावा इसी गांव की रहने वाली सीमा कौर और प्रकाश कौर के कब्जे से कुल 16 किलो अवैध गांजा बरामद करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, ग्राम हल्दुआ में पुलिस ने मनप्रीत कौर के कब्जे से 12 ग्राम अवैध स्मैक और तीन लाख 35 हजार रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस का दावा है कि बरामद नकदी नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी।

इसी गांव की रहने वाली राधा के कब्जे से पुलिस ने दो ग्राम अवैध स्मैक और 19 हजार 200 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह रकम भी कथित रूप से नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी। दोनों महिलाओं के कब्जे से कुल तीन लाख 54 हजार 200 रुपये की नकदी बरामद हुई है।

रामनगर कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 22 किलो अवैध गांजा, 14 ग्राम स्मैक, नशीले इंजेक्शन, सिरिंज और 22 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, रामनगर के लोगों ने नशे के खिलाफ कोतवाली पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई की सराहना की है। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।