
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और विधानसभा सत्र को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने 27 अक्टूबर को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस अनुशासन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी और थाना-शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसएसपी ने त्योहारों के मद्देनजर बाजारों, पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्त, पिकेट ड्यूटी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। इसके साथ ही आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने, होटल एवं रेस्टोरेंट की नियमित जांच करने तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।





अपराध नियंत्रण को लेकर भी एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने आदतन अपराधियों और अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी, दबिश और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के साथ ही नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच और नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।


त्योहारी सीजन में आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर सर्विस को अलर्ट रखने तथा अग्निशमन वाहनों और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और लापरवाही से वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाने को कहा गया।



अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं और मुकदमों के निस्तारण में लापरवाही पर एसएसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, प्रभावी साक्ष्य संकलन और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। साथ ही साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर साइबर सेल के सहयोग से ठगी की रकम वापस कराने के प्रभावी प्रयास करने को कहा गया।

एसएसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि गश्त, चेकिंग, सत्यापन और अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी। बैठक में थानों में लंबित माल मुकदमाती वाहनों और अन्य माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान पुलिस कर्मचारी सम्मेलन में अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनकर उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।




बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 36 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। अग्निशमन एवं आपात सेवा के फायरमैन सुखदेव सिंह को विशिष्ट कार्य के लिए गृह मंत्रालय की ओर से प्रदान किए गए डीजी-एफएस डिस्क ब्रॉन्ज और प्रशस्ति पत्र का उल्लेख किया गया। वहीं लीडिंग फायरमैन राजकुंवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 33 पुलिस कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए ‘बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ के रूप में पुरस्कृत किया गया। एसएसपी ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


बैठक में संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा और प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं शाखा प्रभारी, यातायात और सीपीयू प्रभारी तथा पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और त्योहारों एवं विधानसभा सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

