ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन, रोड नहीं तो वोट नहीं

ख़बरों और विज्ञापन के लिए संपर्क करें – 9634912113, 8057536955

रिपोर्ट- अशोक सरकार
स्थान- खटीमा, विधानसभा क्षेत्र नानकमत्ता जनपद उधम सिंह नगर

उधम सिंह नगर जिले के 69 विधानसभा क्षेत्र नानकमत्ता के गांव सन्तना के ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास ना होने पर 2022 में चुनाव का बहिष्कार करते हुए “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर धरना दिया। ग्रामसभा ऊंचीमहुवट के अन्तर्गत आने वाले गांव सन्तना मे लगभग 60 सालों से निवास कर रहे पर्वतीय मूल के सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीणों ने नानकमत्ता विधायक प्रेम सिंह राणा के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए बताया कि विधायक पिछले 5 सालों से उनके बीच में नहीं पहुंचे हैं। चुनाव का समय नज़दीक आने पर ही वह गॉव में वोट मांगने आते है |

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के समय सड़क की बहुत दुर्दशा हो जाती है, घर से बाहर निकलना दूभर हो जाता है, बच्चे स्कूल व कोचिंग नहीं जा पाते हैं, कोई बीमार हो जाए तो एंबुलेंस आने का रास्ता भी नहीं है जबकि यह गांव खटीमा शहर से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर है। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि जब हम लोग हर चीज पर सरकार को टैक्स देते हैं तो हमें सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से क्यों वंचित रखा गया है। सरकार सैनिक परिवारों की सुविधा के लिए बहुत ढिंढोरा पीटती है लेकिन हमारा क्षेत्र सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है फिर भी महज एक रोड की भी सुविधा नही है।

वहीं इस दौरान गुस्साई महिलाओं ने स्थानीय ग्राम प्रधान पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा क्षेत्र में कोई विकास कार्य अब तक नहीं करवाया गया। ग्रामवासियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि चुनाव से पहले रोड नहीं बना तो हम लोग चुनाव का बहिष्कार करेंगे। वहीं इस मामले में स्थानीय ग्राम प्रधान पति माधव चंद ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर मैंने लिखित रूप से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। जिस पर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को सड़क बनाने की स्वीकृति भेजी है |