
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


मुंडाखेड़ा कलां गांव में एक घर से लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।


पुलिस के अनुसार 30 और 31 अगस्त की रात नवीन के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर घर में रखी नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।



जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों, संदिग्ध गतिविधियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी को खंगाला। मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का शिकायतकर्ता के घर पहले से आना-जाना था। इसी दौरान उन्हें घर में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी मिल गई थी।



इसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और मौका मिलते ही घर में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि चोरी के बाद नकदी खर्च कर दी गई, जबकि आभूषणों को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की योजना थी।
पुलिस ने मामले में आशीष सैनी उर्फ गादड़ और ललित कुमार उर्फ पाशा, दोनों निवासी मुंडाखेड़ा कलां, लक्सर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।



आरोपियों के कब्जे से चेन-लॉकेट, झुमके, अंगूठियां, टॉप्स, कड़े, बिछुए और चांदी के सिक्कों समेत कई सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरी के बाकी सामान और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

