
स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के चुनाव में तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत सभी महत्वपूर्ण पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। बिजेंद्र सिंह को अध्यक्ष और सुशील राठी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।


निर्विरोध निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बिजेंद्र सिंह के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और बड़ी संख्या में लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे।



समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने बुके भेंट कर और मिठाई खिलाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह और उपाध्यक्ष सुशील राठी को बधाई दी। चुनाव परिणाम के बाद सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी उत्साह का माहौल नजर आया।



नवनिर्वाचित अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है और उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करेंगे।



बिजेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बैंक की कार्यप्रणाली को और मजबूत करना तथा इसे अग्रणी बैंकों की श्रेणी में लाना होगी। उन्होंने कहा कि बैंक की सेवाओं को बेहतर बनाने और खाताधारकों तथा किसानों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष सुशील राठी ने कहा कि उनके सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब चार वर्षों से बैंक के बोर्ड की बैठक नहीं हो पाई है, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण विषय लंबित हैं।




सुशील राठी ने कहा कि किसानों पर बैंक की काफी रिकवरी भी बकाया है। ऐसे में बैंक के वित्तीय कामकाज को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के साथ किसानों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए पूरी मेहनत और लगन के साथ काम किया जाएगा। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब सभी की नजर बैंक की नई कार्यकारिणी की भावी कार्ययोजना और सहकारिता क्षेत्र में होने वाले सुधारों पर टिकी है।

