
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


गुलाबघाटी क्षेत्र में एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार पैराफिट से टकराने के बाद खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रेस्क्यू कर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।


पुलिस के अनुसार 9 सितंबर की रात करीब 1 बजकर 7 मिनट पर डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुलाबघाटी के पास हनुमान मंदिर के समीप एक बुलेट मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़ी है, जबकि चालक मौके पर नजर नहीं आ रहा है।



सूचना की गंभीरता को देखते हुए काठगोदाम पुलिस ने पीसी-04 और चीता पुलिस कर्मियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची टीम को भद्यूनी मार्ग के पास हनुमान मंदिर के समीप बुलेट मोटरसाइकिल संख्या डीएल 8एसडीएस 5488 क्षतिग्रस्त हालत में मिली।



राहगीरों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि मोटरसाइकिल चालक पैराफिट से टकराने के बाद नीचे गधेरे में गिर गया है। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में खाई में तलाश अभियान शुरू किया।


तलाश के दौरान घायल व्यक्ति पेड़ और झाड़ियों के बीच फंसा दिखाई दिया। पुलिस कर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार घायल होश में था, लेकिन बोलने की स्थिति में नहीं था।
पुलिस टीम ने घायल को पीसी-04 वाहन से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसके पैर में चोट आई है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।



ई-चालान एप से वाहन की जांच करने पर मोटरसाइकिल दारा सिंह पुत्र भगवान दास, निवासी नेहरू इन्कलेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत मिली। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर बताया गया कि मोटरसाइकिल उनके जमाई भूपेश कुमार, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी रोहिणी दिल्ली लेकर काठगोदाम आए थे।

पुलिस के अनुसार घायल की पहचान भूपेश कुमार पुत्र चन्द्र प्रकाश के रूप में हुई है। काठगोदाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय रहते खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली।

