
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 9 और 10 सितंबर को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मंगलवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गोष्ठी कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।


गोष्ठी के दौरान मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम से जुड़े सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।



एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संबंधित अधिकारियों को त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही यातायात संचालन को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो और मुख्यमंत्री का भ्रमण कार्यक्रम सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जाए।



बैठक में एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी कार्यालय नैनीताल रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और सीएफओ गौरव किरार मौजूद रहे।


इसके अलावा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल और एफएसओ हल्द्वानी मिंदर पाल समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी में रमेश सिंह नेगी, साधना, दलजीत मर्तोलिया, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार सुरक्षा और समन्वय की जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।



वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, जनपद के समस्त थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी और सीपीयू प्रभारी भी बैठक में शामिल हुए। उनसे अपने-अपने क्षेत्रों की सुरक्षा और यातायात तैयारियों की जानकारी ली गई।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए।

