
स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट


सितारगंज के सनातन धर्म मंदिर सहित आसपास के विभिन्न मंदिरों में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही।




इस दौरान मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ भगवान कृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कृष्ण भक्ति में डूबे श्रद्धालु भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते नजर आए।



मंदिर परिसरों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



रात्रि 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में उत्साह चरम पर पहुंच गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के जन्म की खुशी में जयकारे लगाए और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की बधाई दी।

भगवान कृष्ण के जन्म के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और उन्हें भोग लगाया गया। इसके बाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।



अग्रवाल सभा के जिला अध्यक्ष महेश मित्तल ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर वर्ष बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर क्षेत्र के श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लेते हैं।

जन्माष्टमी के अवसर पर पूरे सितारगंज में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। विभिन्न मंदिरों में देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे और मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति के जयकारों से गूंजते रहे।

