
स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


जन्माष्टमी के अवसर पर गांव सिमलसैंण में महिला मंगल दल की ओर से पहली बार भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कीर्तन मंडली सिमलसैंण ने रात आठ बजे से भजन-कीर्तन शुरू किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


रात 12 बजे भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कृष्ण जन्म के समय श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की बधाई दी।




जन्मोत्सव के बाद भगवान कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर धार्मिक आयोजन का आनंद लिया।



सामाजिक कार्यकर्ता विनोद चन्दोला ने कहा कि महिला मंगल दल की ओर से पहली बार जन्माष्टमी का कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो गांव के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि गांव में इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।


महिला मंगल दल की कोषाध्यक्ष रोशनी देवी ने बताया कि दल की ओर से पहली बार यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए पूर्व में विशेष तैयारी नहीं की गई थी, इसके बावजूद कार्यक्रम बेहद सुंदर और सफल रहा।

उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे और गांव में इसी तरह धार्मिक आयोजनों का सिलसिला आगे भी जारी रहे। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।



इस अवसर पर महिला मंगल दल अध्यक्ष बीना देवी, सुमित्रा देवी, पूर्व प्रधान गंगा देवी, कविता देवी, लक्ष्मी देवी, ऊषा देवी, गीता देवी, शान्ति देवी, मुन्नी देवी और पार्वती देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में विशंभर दत्त चन्दोला, बालादत्त चन्दोला, अनिल चंदोला, अंकित चंदोला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जन्माष्टमी के आयोजन से गांव में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा।

