जन्माष्टमी से एक दिन पहले जगमगाया हरिद्वार, मंदिरों से बाजारों तक दिखी रौनक

जन्माष्टमी से एक दिन पहले जगमगाया हरिद्वार, मंदिरों से बाजारों तक दिखी रौनक

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पहले धर्मनगरी हरिद्वार में पर्व की धूम देखने को मिल रही है। शहर के प्रमुख मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।

जन्माष्टमी को देखते हुए हरिद्वार शहर के बाजार भी पूरी तरह सज चुके हैं। दुकानों पर भगवान कृष्ण और लड्डू गोपाल की पोशाकों से लेकर मुकुट, बांसुरी और विभिन्न प्रकार की श्रृंगार सामग्री उपलब्ध है। कृष्ण से जुड़ी आकर्षक एसेसरीज लोगों को खास तौर पर पसंद आ रही हैं।

मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के अवसर पर मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। मेले को लेकर आसपास के लोगों में खासा उत्साह है। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

जन्माष्टमी पर मंदिरों में होने वाले आयोजनों को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है। हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों और उन स्थानों पर, जहां मेले का आयोजन किया जा रहा है, पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया है।

हरिद्वार के शिवालिक नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर समिति की ओर से भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कई दिन पहले से मंदिर परिसर को सजाने और रंग-बिरंगी लाइटें लगाने का काम चल रहा था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।

लड्डू गोपाल के लिए अलग-अलग डिजाइन और रंगों की पोशाकें बाजार में उपलब्ध हैं। इसके अलावा झूले, मुकुट, मोरपंख और अन्य श्रृंगार सामग्री की भी अच्छी मांग है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहरवासी खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं, जिससे दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं।

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रमुख मंदिरों और मेला स्थलों पर पुलिस की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रोडमैप भी तैयार किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि मेला स्थलों के आसपास अतिक्रमण न हो और लोग अपने वाहन अनावश्यक रूप से सड़कों पर खड़े न करें, इसके लिए पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मेला स्थलों के पास निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े कराने की व्यवस्था की जाएगी। मंदिरों की सजावट, बाजारों की रौनक और सुरक्षा तैयारियों के बीच धर्मनगरी हरिद्वार कृष्ण जन्माष्टमी के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है।