
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते रामनगर क्षेत्र में बरसाती नाले उफान पर आ गए हैं। टेड़ा गांव का बरसाती नाला भी अचानक तेज बहाव के साथ उफन पड़ा। पानी का बहाव इतना अधिक था कि नाले को पार करना लोगों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा हो गया। इसके चलते नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते नजर आए।

इसी दौरान टेड़ा गांव की ओर सामान और एक सवारी को लेकर जा रहा एक थ्री-व्हीलर नाले को पार करने लगा। वाहन जैसे ही नाले के बीच तेज बहाव में पहुंचा, पानी का दबाव बढ़ने से उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते तेज धार थ्री-व्हीलर को अपने साथ बहाकर ले जाने लगी।




अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। थ्री-व्हीलर में सवार यात्री ने खतरे को भांपते हुए वाहन से बाहर छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। वहीं वाहन चालक भी तेज बहाव के बीच फंस गया और उसे बाहर निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

चालक को पानी के तेज बहाव में फंसा देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई। लोगों ने साहस दिखाते हुए चालक का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि थ्री-व्हीलर बरसाती नाले के पानी में फंस गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से काफी मशक्कत की और वाहन को नाले से बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि तेज बहाव के दौरान थ्री-व्हीलर पानी में बने गड्ढे की ओर जाने से बाल-बाल बचा। यदि वाहन गहरे गड्ढे की ओर चला जाता तो हादसा और अधिक गंभीर हो सकता था। घटना ने बरसाती नालों के तेज बहाव के दौरान वाहनों की आवाजाही को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


लगातार बारिश के कारण रामनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कई बरसाती नाले उफान पर हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज बहाव के दौरान नालों और रपटों पर आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी इंतजाम करने चाहिए।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज बहाव वाले बरसाती नालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और खतरे के समय लोगों को नाले पार करने से रोका जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते एहतियाती कदम उठाए जाने से इस तरह की घटनाओं में बड़े हादसे को टाला जा सकता है।

