रानीखेत में मतदाता सूची से नाम हटाने पर विवाद, कांग्रेस ने जांच की मांग उठाई

रानीखेत में मतदाता सूची से नाम हटाने पर विवाद, कांग्रेस ने जांच की मांग उठाई

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए प्रारूप-7 के माध्यम से कथित तौर पर गलत, भ्रामक और तथ्यहीन आपत्तियां दर्ज कराए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा रानीखेत-50 को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि कुछ ऐसे मतदाताओं के खिलाफ भी प्रारूप-7 के माध्यम से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जो संबंधित पते पर निवास कर रहे हैं और मतदाता सूची में विधिवत दर्ज हैं। कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई कि गलत आधार पर आपत्तियां दर्ज कराकर पात्र मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है।

ज्ञापन में कांग्रेस ने निर्धारित संख्या से अधिक आपत्तियां प्रस्तुत किए जाने का भी आरोप लगाया है। पार्टी के अनुसार, आपत्तियों के निस्तारण के दौरान कुछ आपत्तिकर्ताओं ने कथित तौर पर यह स्वीकार किया कि उन्होंने स्वयं प्रारूप-7 न तो भरा और न ही प्रस्तुत किया। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में संबंधित प्रारूपों को स्वीकार किस आधार पर किया गया।

कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि प्रारूप-7 के माध्यम से प्रस्तुत सभी संदिग्ध आपत्तियों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही आपत्तियों में दर्ज नाम, पते और अन्य विवरणों का सत्यापन कर यह पता लगाया जाए कि कहीं पात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए जानबूझकर गलत जानकारी तो नहीं दी गई।

कांग्रेस ने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत, झूठी या भ्रामक जानकारी देकर आपत्ति प्रस्तुत करना पाया जाता है तो उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता और निष्पक्षता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। किसी पात्र नागरिक को गलत सूचना या दुर्भावनापूर्ण आपत्ति के माध्यम से मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास गंभीर विषय है और ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच जरूरी है।

ज्ञापन के माध्यम से रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से कार्रवाई की स्थिति तथा संबंधित आपत्तियों के निस्तारण की लिखित जानकारी रानीखेत कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित तरीके से सूची से न हटे।

ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के बीएलए-1 गोपाल सिंह देव, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार और बीएलए-2 मोहम्मद नईम शामिल रहे। कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संदिग्ध आपत्तियों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।