
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ने बड़ा फैसला लिया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 2 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।


जिलाधिकारी के निर्देश के तहत जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।


लगातार बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में सड़क मार्ग प्रभावित होने और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है।

मौसम विभाग ने 3 और 4 सितंबर को भी खराब मौसम और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


प्रशासन की ओर से अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव टीमों को तैयार रखने के साथ ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और अनावश्यक रूप से उन्हें घर से बाहर न भेजें।


बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं। मौसम की स्थिति और विभागीय अलर्ट के आधार पर स्कूलों के संचालन को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

फिलहाल 2 सितंबर को नैनीताल जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।

