स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चम्पावत जिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। खेल प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


इसी पहल के तहत छमनिया में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज यानी गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का क्रियान्वयन जारी है। कॉलेज के प्रथम सत्र के लिए चयनित छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे जिले की बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।


खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए छमनिया में लगभग 9.52 करोड़ रुपये की लागत से स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट का निर्माण भी प्रगति पर है। इन परियोजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित करने के निर्देशों के साथ स्वीकृति प्राप्त हुई है।


जिले में खेलों को गांव और छोटे कस्बों तक पहुंचाने के लिए छोटे खेल मैदानों को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए कोचों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों का प्रयास है कि खिलाड़ियों को उनकी जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।


इसके साथ ही अग्निवीर परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं की शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए जिले के प्रमुख स्थानों पर ओपन जिम स्थापित करने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। इससे युवाओं को नियमित व्यायाम और शारीरिक प्रशिक्षण की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।




चम्पावत में खेल गतिविधियों के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा देने की तैयारी है। पर्यटन विभाग और तकनीकी एजेंसियों के माध्यम से राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और पैरामोटरिंग जैसी गतिविधियों को विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
इन एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए युवाओं को प्रशिक्षण देने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इससे जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

खेल बुनियादी ढांचे और एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़ी इन परियोजनाओं के माध्यम से चम्पावत को खेल गतिविधियों के साथ साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण केंद्रों के विकसित होने से जिले के युवा खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

