नेपाल भागने की फिराक में था 25 हजार का इनामी गैंगस्टर, सोनौली से रवि गुप्ता गिरफ्तार

नेपाल भागने की फिराक में था 25 हजार का इनामी गैंगस्टर, सोनौली से रवि गुप्ता गिरफ्तार

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून पुलिस ने “किंग ऑफ उत्तराखंड” गैंग से जुड़े 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम में वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस रवि गुप्ता की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश कोतवाली में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा और उसके सहयोगियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि गिरोह भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल था।

इसके अलावा लोगों को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भयभीत करने के भी आरोप गिरोह पर लगाए गए हैं। मामले में गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि रवि कुमार गुप्ता लगातार फरार चल रहा था।

रवि गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी बीच ऋषिकेश पुलिस को सूचना मिली कि रवि अपने दो साथियों की मदद से महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK14N-5344 से नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है और सोनौली के रास्ते नेपाल जा सकता है।

सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुमित चौधरी ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी और पुलिस टीम के साथ उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के सोनौली पहुंचकर स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने सोनौली थाना क्षेत्र से 38 वर्षीय रवि कुमार गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर/आदर्श ग्राम कुम्हार बाड़ा, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की तलाशी और उसके कब्जे से महिंद्रा स्कॉर्पियो के अलावा नेपाल कस्टम की ओर से जारी टेम्परेरी इंपोर्ट ऑफ व्हीकल/व्हीकल पास, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने से संबंधित दस्तावेज और यातायात व्यवस्था सेवा कार्यालय द्वारा जारी वाहन अनुमति-पत्र भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक रवि कुमार गुप्ता के खिलाफ पूर्व में करीब चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, डोईवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एवं विवेचक राकेश गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल अमित राणा, संदीप राठी और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे। इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है।